दुर्ग-भिलाई और रायपुर में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य तस्कर दबोचा गया, 4.22 लाख का सामान जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
दुर्ग-भिलाई और रायपुर में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य तस्कर दबोचा गया, 4.22 लाख का सामान जब्त
दुर्ग। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) की तस्करी और बिक्री में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नशे का मुख्य सप्लायर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी दुर्ग-भिलाई और रायपुर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर नशे की सप्लाई करते थे।
इमली तालाब के पास घेराबंदी कर पहला आरोपी पकड़ा गया
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोहका स्थित इमली तालाब के पास एक युवक चिट्टा बेच रहा है। सूचना पर स्मृतिनगर चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मृत्युंजय दुबे (27) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह कृष्णा नगर सुपेला निवासी विकास पाल (23) से चिट्टा लेता था और रायपुर में इसकी बिक्री करता था।
स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश देकर मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
मृत्युंजय से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश दी और मुख्य सप्लायर विकास पाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 6.72 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोबाइल के जरिए आपस में संपर्क रखते थे और दोपहिया वाहनों से दुर्ग-भिलाई तथा रायपुर के अलग-अलग इलाकों में नशे की खेप पहुंचाते थे।
4.22 लाख रुपए का सामान और नकदी जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 6 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा दो दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।जब्त सामग्री का विवरण मात्रा / संख्या अनुमानित कीमत
चिट्टा (हेरोइन) 10.30 ग्राम (3.58 ग्राम + 6.72 ग्राम) ₹2,06,000
सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन 1 ₹1,00,000
एक्टिवा दोपहिया वाहन 1 ₹80,000
नकद राशि — ₹11,200
मोबाइल फोन (रेडमी और वनप्लस) 2 —
कुल जब्त सामान — ₹4,22,200दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और ग्राहकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।





