मारो के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी धुन पर जमकर झूमे BJP विधायक ईश्वर साहू, वीडियो साझा कर कांग्रेस ने जनसमस्याओं पर घेरा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
मारो के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी धुन पर जमकर झूमे BJP विधायक ईश्वर साहू, वीडियो साझा कर कांग्रेस ने जनसमस्याओं पर घेरा
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की सियासत में साजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ईश्वर साहू एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंच पर महिला कलाकारों के साथ उनके नृत्य करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने विधायक और राज्य सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार (18 नवंबर) शाम नगर पंचायत मारो के वार्ड क्रमांक-03 की है, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन और लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद वहां सांस्कृतिक प्रस्तुति चल रही थी। इसी दौरान छत्तीसगढ़ी गीत की धुन पर मंच पर नृत्य कर रहीं महिला कलाकारों के साथ विधायक ईश्वर साहू भी थिरकते नजर आए। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
कांग्रेस का तीखा कटाक्ष, चिलम-तंबाकू का किया जिक्र
वायरल वीडियो को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (INC Chhattisgarh) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साझा करते हुए भाजपा विधायक की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा कि प्रदेश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई, युवाओं की बेरोजगारी, बिजली की बढ़ी हुई दरों, गरीबों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले चना-गुड़ की किल्लत और पटवारियों की हड़ताल से परेशान है, जिससे आम नागरिकों के राजस्व कामकाज ठप पड़े हैं।
विपक्षी दल ने आगे तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जनता की इन गंभीर समस्याओं से विधायक को कोई सरोकार नहीं है और उन्हें केवल चिलम व तंबाकू के डिब्बे से ही मतलब है।
विधायक और भाजपा की चुप्पी
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, जहां एक वर्ग इसे लोकल संस्कृति के प्रति सहज उत्साह बता रहा है, तो वहीं विपक्ष इसे जनप्रतिनिधि की गंभीरता के खिलाफ बताकर मुद्दा बना रहा है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर न तो विधायक ईश्वर साहू की ओर से कोई आधिकारिक सफाई आई है और न ही भाजपा संगठन ने कोई प्रतिक्रिया दी है।





