दुर्ग: एसटीएफ कॉलोनी में खूनी खेल, आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या; कथित प्रेमिका पर हमले का आरोप

 दुर्ग: एसटीएफ कॉलोनी में खूनी खेल, आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या; कथित प्रेमिका पर हमले का आरोप

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

दुर्ग: एसटीएफ कॉलोनी में खूनी खेल, आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या; कथित प्रेमिका पर हमले का आरोप

भिलाई/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भलाई के स्मृति नगर थाना अंतर्गत एसटीएफ कॉलोनी में रहने वाले आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर उसकी पत्नी और मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हमले में आरक्षक की दो अन्य बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात का विवरण

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के क्वार्टर में सुबह चीख-पुकार मच गई। हमलावर ने आरक्षक की पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य पर घातक प्रहार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद दो छोटी बच्चियों को भी नहीं बख्शा गया, वे वर्तमान में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह?

प्रारंभिक पुलिस जांच में इस जघन्य हत्याकांड के पीछे आरक्षक की कथित प्रेमिका सरोजनी भारद्वाज का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि ललितेश और सरोजनी के बीच लंबे समय से संबंध थे, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते आरोपी महिला ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। वारदात के बाद से ही आरोपी महिला फरार है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के समय विवाद का कोई डिजिटल साक्ष्य (ऑडियो/वीडियो) भी मौजूद हो सकता है, जिसकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।

दहशत में कॉलोनी

सुरक्षित मानी जाने वाली एसटीएफ कॉलोनी में हुई इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।