दुर्ग के हटरी बाजार में दिनदहाड़े ठगी: बुजुर्ग महिला को झांसा देकर 1.50 लाख के जेवर ले उड़े शातिर ठग
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
दुर्ग के हटरी बाजार में दिनदहाड़े ठगी: बुजुर्ग महिला को झांसा देकर 1.50 लाख के जेवर ले उड़े शातिर ठग
दुर्ग। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक हटरी बाजार में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपनी चालाकी का शिकार बनाया है। ठगों ने नोटों की गड्डी का लालच दिखाकर बालोद निवासी 68 वर्षीय महिला के करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर पार कर दिए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बातों के जाल में फंसाया
पीड़ित महिला लक्ष्मी जैन, निवासी डौंडी (बालोद), मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हटरी बाजार स्थित प्रदीप ग्रीन स्टोर के पास खड़ी थीं। इसी दौरान एक महिला और दो युवक उनके पास आए। ठगों ने महिला को कागज के बंडल को असली नोट बताकर अपनी बातों में उलझा लिया।
जेवर के बदले थमा दी पत्थर की पोटली
शातिर ठगों ने बुजुर्ग महिला को विश्वास में लेकर उनके पहने हुए सोने के जेवर (मंगलसूत्र, चूड़ियां और अंगूठी) उतरवा लिए। उन्होंने जेवरों को एक कपड़े में बांधने का नाटक किया और बड़ी सफाई से उसे बदल दिया। इसके बाद ठगों ने महिला को सुरक्षित घर जाने की सलाह देकर एक ई-रिक्शा में बैठा दिया।
ई-रिक्शा में खुला राज
जब लक्ष्मी जैन रिक्शा में बैठकर कुछ दूर आगे बढ़ीं और उन्होंने पोटली खोलकर देखी, तो उनके होश उड़ गए। कपड़े के भीतर असली जेवरों की जगह प्लास्टिक की चूड़ियां और पत्थर बंधे हुए थे। महिला ने तुरंत अपने बेटे आलोक जैन को सूचना दी, जिसके बाद सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पीड़ित के अनुसार, गायब हुए जेवरों का कुल वजन लगभग 40 ग्राम (कीमत करीब 1.52 लाख रुपये) है। आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।





