दुर्ग: शिवनाथ इंटकवेल में मेंटेनेंस के चलते बिजली गुल, आज शहर की जलापूर्ति होगी प्रभावित

 दुर्ग: शिवनाथ इंटकवेल में मेंटेनेंस के चलते बिजली गुल, आज शहर की जलापूर्ति होगी प्रभावित

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

 

दुर्ग: शिवनाथ इंटकवेल में मेंटेनेंस के चलते बिजली गुल, आज शहर की जलापूर्ति होगी प्रभावित

दुर्ग। दुर्ग शहर के निवासियों के लिए आज पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बिजली विभाग (CSEB) द्वारा 4 अप्रैल को आवश्यक मेंटेनेंस कार्य के लिए एक घंटे का शटडाउन लिया गया है। सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक बिजली बंद रहने के कारण शहर की जल शोधन प्रक्रिया और वाटर सप्लाई सीधे तौर पर प्रभावित होगी।

तकनीकी खराबी के कारण लिया गया फैसला

विभागीय जानकारी के अनुसार, 33 केवी शिवनाथ इंटकवेल फीडर में तकनीकी खराबी आई है। यहाँ लगे एबी स्विच के ‘रेड हॉट’ (अत्यधिक गर्म) होने की पुष्टि हुई है। किसी बड़ी दुर्घटना को रोकने और सुरक्षा के लिहाज से विभाग ने तत्काल मेंटेनेंस का निर्णय लिया है।

इन संयंत्रों पर पड़ेगा असर

एक घंटे के इस शटडाउन से नगर निगम के मुख्य जल शोधन संयंत्रों पर असर पड़ेगा:

11 एमएलडी प्लांट

42 एमएलडी प्लांट

24 एमएलडी प्लांट

इन संयंत्रों में जल उत्पादन रुकने से दोपहर और शाम की सप्लाई बाधित हो सकती है।

देरी से पहुंचेगा पानी, बढ़ सकती है अवधि

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उत्पादन रुकने की वजह से कई इलाकों में दूसरी पाली (दोपहर/शाम) की जलापूर्ति में देरी हो सकती है या पानी कम दबाव (लो प्रेशर) के साथ मिलेगा। अधिकारियों का यह भी कहना है कि यदि सुधार कार्य में अधिक समय लगा, तो शटडाउन की अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।

निगम की अपील: पानी बचाएं

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे उपलब्ध जल का संयमित उपयोग करें और आवश्यकतानुसार पानी स्टोर करके रखें। कार्य की प्रगति के आधार पर स्थिति में बदलाव होने पर नागरिकों को सूचित किया जाएगा।