गरियाबंद में सनसनीखेज डबल मर्डर: पुरानी रंजिश में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफनाया; तीन आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
गरियाबंद में सनसनीखेज डबल मर्डर: पुरानी रंजिश में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफनाया; तीन आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में पुरानी रंजिश के चलते एक पति-पत्नी की निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने दोनों शवों को बोरे में भरकर चुपचाप गांव के श्मशान घाट में दफना दिया था। घटना के करीब एक सप्ताह बाद श्मशान घाट में संदिग्ध कब्र मिलने पर इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को हुआ शक
यह पूरी घटना 6 जून की बताई जा रही है। मामले का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में गांव के ही एक अन्य व्यक्ति का निधन हो गया और ग्रामीण उसके अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां ग्रामीणों को दो अलग-अलग जगहों पर मिट्टी खोदे जाने और ताजा दफन के निशान दिखाई दिए। चूंकि गांव में हाल-फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की मौत नहीं हुई थी, इसलिए ग्रामीणों का संदेह गहरा गया। इसी बीच उन्हें गांव से पिछले एक सप्ताह से गायब चल रहे राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत इसकी शिकायत शोभा थाना पुलिस से की।
पुलिस ने कब्र खुदवाकर निकाले शव
शिकायत मिलते ही शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में श्मशान घाट की संदिग्ध कब्रों को खुदवाया, जहां से बोरे में बंद दो शव बरामद हुए। जांच और शिनाख्त के बाद पुष्टि हुई कि ये शव लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के ही हैं। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।डंडों से पीट-पीटकर की गई थी हत्या,
पड़ोसी ही निकले कातिल
थाना प्रभारी पवन वर्मा से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों के पड़ोस में रहने वाले लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम के साथ उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते 6 जून को आरोपियों ने मिलकर राजाराम और आशो बाई पर डंडों से हमला कर दिया और उन्हें पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पकड़े जाने के डर से शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफन कर दिया था।
तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्याकांड में शामिल तीनों नामजद आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के मुख्य कारणों और घटनाक्रम से जुड़ी अन्य कड़ियों का पूरी तरह खुलासा किया जा सके। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गरीबा गांव और आस-पास के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।





