शराब की ओवर रेटिंग पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन; 4 उपनिरीक्षक सस्पेंड, DEO समेत 8 अफसरों को नोटिस
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
शराब की ओवर रेटिंग पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन; 4 उपनिरीक्षक सस्पेंड, DEO समेत 8 अफसरों को नोटिस
रायपुर, छत्तीसगढ़ में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचने (ओवर रेटिंग) की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में चार आबकारी उपनिरीक्षकों (SI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, निगरानी में कमी पाने पर चार जिला आबकारी अधिकारियों (DEO) समेत आठ अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।
जांच में खुली पोल: उड़नदस्ते ने पकड़ा फर्जीवाड़ा
विभागीय जांच और राज्यस्तरीय उड़नदस्ते के औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की निगरानी में भारी कमी और लापरवाही सामने आई। शराब दुकानों में तय मूल्य से ₹10 से लेकर ₹60 तक अतिरिक्त वसूली की जा रही थी। इस सिंडिकेट और लापरवाही को देखते हुए आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया है।
ये 4 आबकारी उपनिरीक्षक हुए निलंबित
कर्तव्य में लापरवाही और अपने प्रभार क्षेत्र में ओवर रेटिंग न रोक पाने के कारण निम्नलिखित उपनिरीक्षकों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत सस्पेंड किया गया है:
प्रभाकर सिरमौर – उपनिरीक्षक, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (वृत्त प्रभारी गंडई)
मनराखन नेताम – उपनिरीक्षक, सिमगा
पुरुषोत्तम सिन्हा – उपनिरीक्षक, कुरूद
कौशल किशोर सोनी – उपनिरीक्षक, रायपुर (पंडरी वृत्त)
इन 8 वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
जवाबदेही तय करते हुए विभाग ने कड़े तेवर दिखाए हैं। नोटिस पाने वाले अधिकारियों में 4 जिलों के आबकारी प्रमुख (DEO) भी शामिल हैं:
अजय सिंह ध्रुवे – जिला आबकारी अधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
राजेश शर्मा – जिला आबकारी अधिकारी, रायपुर
निरूपमा लोन्हारे – जिला आबकारी अधिकारी, धमतरी
मुकेश अग्रवाल – जिला आबकारी अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा
जेबा खान – एडीईओ (सहायक जिला आबकारी अधिकारी), आयुक्त कार्यालय
जलेश सिंह – एडीईओ, आयुक्त कार्यालय
चंद्रप्रताप सिंह – सहायक जिला आबकारी अधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
अल्ताफ खान – संविदा सहायक जिला आबकारी अधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
विभाग की दोहरी सख्ती: मिलावट पर भी गाज
सूत्रों के अनुसार, धमतरी जिले में ओवर रेटिंग के साथ-साथ शराब में मिलावट की गंभीर शिकायत भी सही पाई गई है, जिसके चलते वहां की जिला आबकारी अधिकारी निरूपमा लोन्हारे को कड़ी चेतावनी दी गई है। सभी नोटिस जारी अधिकारियों से 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर उनके खिलाफ भी एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जीरो टॉलरेंस नीति लागू
आबकारी विभाग ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में मदिरा प्रेमियों से निर्धारित दर से ₹1 भी अधिक वसूलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगा। विभाग की इस “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सभी जिलों में औचक निरीक्षण और निगरानी और ज्यादा कड़ी करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।





