कर्मचारियों और युवाओं के मुद्दे पर विधायक देवेंद्र यादव का हमला: BSP आवास किराए में भेदभाव और खाली पड़े CGPSC चेयरपर्सन पद पर घेरा

 कर्मचारियों और युवाओं के मुद्दे पर विधायक देवेंद्र यादव का हमला: BSP आवास किराए में भेदभाव और खाली पड़े CGPSC चेयरपर्सन पद पर घेरा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***********************************

 

 

कर्मचारियों और युवाओं के मुद्दे पर विधायक देवेंद्र यादव का हमला: BSP आवास किराए में भेदभाव और खाली पड़े CGPSC चेयरपर्सन पद पर घेरा

भिलाई / रायपुर। भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कर्मचारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से जुड़े दो बड़े मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के रिटेंशन आवासों के किराए में दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। वहीं, दूसरी ओर करीब ढाई महीने से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में चेयरपर्सन का पद खाली रहने और भर्ती परीक्षाएं अटकने पर सरकार से जवाब मांगा है।

एक ही संयंत्र में किराए की अलग-अलग दरें क्यों?

विधायक देवेंद्र यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि BSP के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को एक अंतरिम आदेश जारी कर रिटेंशन आवासों में रह रहे कर्मचारियों का किराया 6 रुपए प्रति वर्गफीट तय किया है। इसके विपरीत, सितंबर 2025 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के रिटेंशन स्कीम के आवेदन अब तक लंबित हैं और कुछ कर्मचारियों से 24 रुपए प्रति वर्गफीट की भारी-भरकम दर से किराया वसूला जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि एक ही संयंत्र में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के लिए किराए के दो अलग-अलग नियम क्यों लागू हैं? उन्होंने सभी के लिए एक समान किराया नीति बनाने और लंबित आवेदनों का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।

40 लाख से ज्यादा के लंबित भुगतान और लीज योजना की मांग

देवेंद्र यादव ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की 40 लाख रुपए से अधिक की लंबित अंतिम भुगतान राशि जल्द जारी करने की मांग भी की है। उन्होंने सुझाव दिया कि कर्मचारी वर्तमान में जिन आवासों में रह रहे हैं, उन्हें लीज या लाइसेंस पर देने की योजना पर विचार किया जाए और संपदा न्यायालय के औपचारिक आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

ढाई महीने से खाली है CGPSC चेयरपर्सन की कुर्सी, नोटिफिकेशन भी अटका

संविधान दिवस के अवसर पर जारी एक वीडियो संदेश में विधायक ने युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि करीब ढाई महीने से CGPSC में चेयरपर्सन की नियुक्ति नहीं हुई है, जिससे लाखों अभ्यर्थी असमंजस में हैं। यादव के मुताबिक, हर साल इस समय तक नई भर्ती परीक्षाओं के नोटिफिकेशन जारी हो जाते थे, लेकिन इस वर्ष अब तक कोई विज्ञापन जारी नहीं हो सका है।

2 लाख नौकरियों के वादे पर मांगा जवाब, भर्ती पारदर्शिता की उठाई मांग

सरकार को घेरते हुए यादव ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले समयबद्ध तरीके से 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि CGPSC चेयरपर्सन का पद खाली है और पुरानी परीक्षाओं के इंटरव्यू अटके हुए हैं।

उन्होंने CGPSC और SCS परीक्षाओं के लंबित साक्षात्कारों के साथ-साथ पुलिस विभाग की भर्ती परीक्षा को बिना कारण बताए रद्द किए जाने पर भी सवाल खड़े किए। विधायक ने कहा कि युवा वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं और उनके परिवार अपनी जमा-पूंजी तैयारी में लगाते हैं। भर्ती प्रक्रिया में देरी, नकल और परीक्षाएं रद्द होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और युवाओं के हित में तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।