खाना देर से बनाने पर की थी पत्नी की हत्या, मुंगेली कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

 खाना देर से बनाने पर की थी पत्नी की हत्या, मुंगेली कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

***********************************

 

 

 

खाना देर से बनाने पर की थी पत्नी की हत्या, मुंगेली कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

मुंगेली। खाना देर से बनाने के मामूली विवाद में चूल्हे की जलती लकड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या करने वाले पति को मुंगेली सत्र न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मरावी ने आरोपी को दोषी करार देते हुए उम्रकैद के साथ अर्थदंड से भी दंडित किया है।

चूल्हे की जलती लकड़ी से किया था जानलेवा हमला

अभियोजन पक्ष के अनुसार, ग्राम औरापानी निवासी तितरु बैगा (45) का अपनी पत्नी जुगरी बाई बैगा के साथ खाना देर से बनाने की बात पर विवाद हुआ था। गुस्से में आकर तितरु ने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकाली और पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण जुगरी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को खटिया पर लिटा दिया था।

बेटे की सूचना पर दर्ज हुई थी रिपोर्ट, आरोपी कर रहा था खुद को घायल

मृतका के बेटे ने इस वारदात की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बताया गया कि जब पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर रही थी, उस दौरान आरोपी ने खुद को बसूला से चोट पहुंचाने की कोशिश भी की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था और वह 25 जनवरी 2025 से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।

15 गवाहों और FSL रिपोर्ट से साबित हुआ जुर्म

मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से अदालत में 15 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में भी जब्त की गई लकड़ी की अंगीठी, आरोपी की जर्सी और घटनास्थल पर मानव रक्त मिलने की पुष्टि हुई।

गवाहों के बयानों और ठोस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने तितरु बैगा को हत्या का दोषी माना। इस मामले में शासन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने पैरवी की, जबकि प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी द्वारा की गई थी।