भिलाई निगम की आखिरी सामान्य सभा में जोरदार हंगामा, टेबल पर चढ़े भाजपा पार्षद; 400 करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच कार्यवाही स्थगित बोलने का मौका न मिलने पर भड़के पार्षद मुकेश अग्रवाल, विरोध में जमीन पर बैठे विपक्षी पार्षद; 14 में से महज 2 बिंदुओं पर ही हो सकी चर्चा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***********************************
भिलाई निगम की आखिरी सामान्य सभा में जोरदार हंगामा, टेबल पर चढ़े भाजपा पार्षद; 400 करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच कार्यवाही स्थगित बोलने का मौका न मिलने पर भड़के पार्षद मुकेश अग्रवाल, विरोध में जमीन पर बैठे विपक्षी पार्षद; 14 में से महज 2 बिंदुओं पर ही हो सकी चर्चा
भिलाई। भिलाई नगर निगम के वर्तमान कार्यकाल की आखिरी सामान्य सभा शुक्रवार को भारी हंगामे और राजनीतिक घमासान की भेंट चढ़ गई। सदन की कार्यवाही के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बोलने का समय न मिलने से नाराज वार्ड-2 के भाजपा पार्षद मुकेश अग्रवाल टेबल पर चढ़कर सीधे सभापति की आसंदी के पास जा पहुंचे। इस घटना के बाद पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और माहौल इतना गरमा गया कि राष्ट्रगान गाकर सभा को स्थगित करना पड़ा।
15 मिनट तक मांगते रहे समय, नहीं मिला मौका तो चढ़े टेबल पर
सदन में शहर के विकास कार्यों, निगम की कथित अनियमितताओं और वार्डों की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा होनी थी। भाजपा पार्षद मुकेश अग्रवाल का आरोप है कि वे जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए करीब 15 मिनट तक बोलने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन जानबूझकर उन्हें नजरअंदाज किया गया। इसके विरोध में वे टेबल पर चढ़ गए। उनके समर्थन में अन्य विपक्षी पार्षद भी अपनी कुर्सियां छोड़कर सदन के बीचों-बीच जमीन पर धरने पर बैठ गए।
मेयर और नेता प्रतिपक्ष आमने-सामने
हंगामे के बीच सदन में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया। नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने महापौर नीरज पाल पर 400 करोड़ रुपये से अधिक के भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। दूसरी ओर, महापौर नीरज पाल ने भाजपा पार्षद मुकेश अग्रवाल के टेबल पर चढ़ने के कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे सदन की गरिमा और मर्यादा के खिलाफ बताया।
14 में से सिर्फ 2 मुद्दों पर हो सकी बात, सांसद का तंज
अंतिम सामान्य सभा के एजेंडे में कुल 14 महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया था, लेकिन लगातार जारी शोर-शराबे और गतिरोध के कारण केवल 2 बिंदुओं पर ही चर्चा संभव हो सकी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने भी पार्षदों के व्यवहार पर तंज कसते हुए भागवत कथा के आयोजन को लेकर तीखी टिप्पणी की। अंततः सदन की स्थिति को अनियंत्रित होता देख राष्ट्रगान के साथ बैठक समाप्त घोषित कर दी गई।





