कल्याण कॉलेज के NCC कैडेटों ने निकाली ‘हर घर तिरंगा’ रैली, ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष की भावना को किया समर्पित
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
कल्याण कॉलेज के NCC कैडेटों ने निकाली ‘हर घर तिरंगा’ रैली, ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष की भावना को किया समर्पित
भिलाई नगर। 37 छग बटालियन एनसीसी दुर्ग के कमान अधिकारी के आदेशानुसार, एडम अफसर के निर्देशानुसार तथा प्राचार्य के प्रेरणानुसार कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई नगर के एनसीसी कैडेट्स और अधिकारियों द्वारा सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ रैली का भव्य आयोजन किया गया।रैली की शुरुआत से पहले तिरंगे के महत्व पर एक संक्षिप्त व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने कैडेटों को संबोधित करते हुए तिरंगे को देश की आन-बान और शान बताया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के तहत शुरू किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता के अवसर पर लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह पहल नागरिकों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम करती है।

कार्यक्रम के विशेष अतिथि और शिक्षा संकाय के अध्यक्ष डॉ. ईश्वर सिंह बरगाह ने अपने व्याख्यान में इस अभियान को तिरंगे के साथ एक व्यक्तिगत और आत्मीय संबंध बताया। वहीं, कल्याण विधि महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. जयंत कुमार धुरंधर ने कैडेटों को तिरंगा बनाने, उसे सुरक्षित रखने और फहराने से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की विस्तृत जानकारी दी।एनसीसी अधिकारी ले. डॉ. हरीश कुमार कश्यप ने बताया कि इस वर्ष का ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान वंदे मातरम के 150 वर्षों की गौरवशाली भावना को समर्पित है।

यह हमारे राष्ट्रीय गीत में निहित देशभक्ति, तिरंगे के प्रति गर्व और मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम का एक अनूठा उत्सव है।इसके पश्चात, प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर ‘हर घर तिरंगा’ रैली का शुभारंभ किया। ले. हरीश कुमार कश्यप के नेतृत्व में यह रैली सेक्टर-7 की विभिन्न सड़कों और बाजारों से होकर गुजरी। रैली के दौरान स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा गया; लोगों ने कैडेटों पर पुष्प वर्षा की और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारे लगाए।

इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन ले. डॉ. हरीश कुमार कश्यप ने किया। रैली को सफल बनाने में कैडेट अजय वर्मा, पुनेश, मुकुल, जयप्रकाश, तिलक, चन्द्र प्रकाश, देव कुमार, पीयूष, सुजल बाघ, पुष्पेन्द्र, सोमदत्त और सचिन सहित कुल 47 कैडेटों ने अपना सक्रिय और सराहनीय योगदान दिया।





