सूरजपुर में खूनी घरेलू विवाद: साथ चलने से इनकार करने पर पति ने ब्लेड से रेता पत्नी का गला, आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
सूरजपुर में खूनी घरेलू विवाद: साथ चलने से इनकार करने पर पति ने ब्लेड से रेता पत्नी का गला, आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर। जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के साथ घर लौटने से इनकार करने पर गुस्साए पति ने धारदार ब्लेड से उसकी गर्दन पर जानलेवा हमला कर गला रेत दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

साथ जाने से मना करने पर कुल्हाड़ी जैसा गुस्सा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भंवरखोह तेलईडांड निवासी हरदयाल सिंह ने चौकी कुदरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनकी भांजी (आहता) पिछले एक महीने से अपने सात साल के बेटे के साथ उनके घर पर रह रही थी। ६ अगस्त को महिला का पति नकुल सिंह आयाम (३६ वर्ष), निवासी ग्राम कर्री पटेलपारा, वहां पहुंचा।नकुल ने अपनी पत्नी को वापस अपने साथ घर चलने को कहा। जब पत्नी ने साथ जाने से साफ मना कर दिया, तो नकुल आगबबूला हो गया। उसने पहले तो पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और फिर अचानक जेब से धारदार ब्लेड निकालकर महिला की गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर गला काट दिया।
जिला अस्पताल रेफर, हालत गंभीर
लहूलुहान हालत में चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत १०८ एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को ओड़गी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सूरजपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कुदरगढ़ चौकी पुलिस एक्शन में आई। पुलिस ने आरोपी नकुल सिंह के खिलाफ धारा १०९(१) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।पुलिस टीम ने एफएसएल (FSL) क्राइम यूनिट की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
वारदात में इस्तेमाल किए गए खून से सने ब्लेड को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी नकुल सिंह आयाम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि पत्नी के साथ न आने की जिद पर उसने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
इस टीम को मिली कामयाबी
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में कुदरगढ़ चौकी प्रभारी संजय यादव, प्रधान आरक्षक क्रांति सिंह, आरक्षक अमरेन्द्र दुबे, मिलन सिंह, आलम साय, नरसिंह यादव और अनार सिंह की मुख्य भूमिका रही।





