पुलिस की लापरवाही से दो रातों में दो मौतें: अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराकर CISF जवान ने गंवाई जान, भड़के ग्रामीणों का चक्काजाम

 पुलिस की लापरवाही से दो रातों में दो मौतें: अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराकर CISF जवान ने गंवाई जान, भड़के ग्रामीणों का चक्काजाम

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

पुलिस की लापरवाही से दो रातों में दो मौतें: अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराकर CISF जवान ने गंवाई जान, भड़के ग्रामीणों का चक्काजाम

लखनपुर/अंबिकापुर:अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर पुलिस और प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरी के पास सड़क किनारे खराब खड़े एक ही ट्रक ने 24 घंटे के भीतर दो लोगों की जान ले ली। मंगलवार रात इस ट्रक से टकराकर एनटीपीसी कोरबा में पदस्थ सीआईएसएफ (CISF) जवान विनय टोप्पो (40 वर्ष) की मौत हो गई।

एक ही ट्रक, दो हादसे

हैरानी की बात यह है कि इसी ‘ब्रेकडाउन’ ट्रक से सोमवार की रात भी एक हादसा हुआ था, जिसमें ग्राम अंधला निवासी अरुण सिंह (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई थी। पहली घटना के बाद पुलिस ने शव तो बरामद किया, लेकिन मौत का कारण बने उस ट्रक को सड़क से नहीं हटवाया। नतीजा यह हुआ कि अगली रात ड्यूटी से घर लौट रहे भगवानपुर निवासी सीआईएसएफ जवान विनय टोप्पो भी उसी ट्रक का शिकार हो गए। टक्कर के बाद संतुलन बिगड़ने से विनय सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे किया जाम

एक ही जगह पर लगातार दूसरी मौत से रजपुरी के ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि यदि पहली मौत के बाद ही ट्रक को जब्त कर हटा लिया जाता, तो जवान की जान बच सकती थी।

पुलिस ने ट्रक किया जब्त

चक्काजाम की सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में ट्रक को जब्त कर वहां से हटवाया। पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के बाद करीब आधे घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। पुलिस ने जवान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबिकापुर भेज दिया है। हाईवे पर हो रहे इन हादसों और पुलिस की सुस्ती से स्थानीय लोगों में गहरा खौफ और नाराजगी व्याप्त है।