कम उत्पादन वाले किसानों के लिए बड़ा तोहफा: 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी खाते में आएगी अंतर की राशि, सीएम साय का ऐलान
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************************
कम उत्पादन वाले किसानों के लिए बड़ा तोहफा: 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी खाते में आएगी अंतर की राशि, सीएम साय का ऐलान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के हित में राज्य सरकार ने एक और बड़ा व ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं किसान का बेटा हूं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को भलीभांति समझता हूं। हमारी सरकार चाहती है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे।”
अलग-अलग उत्पादन क्षमता वाले क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों में खेती की परिस्थितियां और भूमि की उत्पादन क्षमता एक जैसी नहीं है। हर क्षेत्र में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं हो पाता। ऐसे में कम उत्पादन वाले इलाकों के किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का फैसला उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
देश में सबसे ज्यादा आर्थिक लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को
धान खरीदी और किसानों को मिल रही सुविधाओं पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस प्रकार का आर्थिक संबल दिया जा रहा है, वैसा लाभ किसी अन्य राज्य में नहीं मिल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करती है और धान खरीदी की व्यवस्था को इतना सरल व पारदर्शी बनाया जा रहा है कि किसानों को घर बैठे अधिकतम सुविधाएं मिल सकें।
मोदी की गारंटी के अनुरूप किसान कल्याण सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार अन्नदाताओं के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य खेती को लाभकारी बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है। उन्होंने दोहराया कि धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता तक हर स्तर पर किसानों की जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, क्योंकि अन्नदाता की समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।





