दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क और मुलाकात मानसिक क्रूरता, शारीरिक संबंध के सबूत जरूरी नहीं: बिलासपुर हाई कोर्ट ने मंजूर की पति की तलाक की अपील
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क और मुलाकात मानसिक क्रूरता, शारीरिक संबंध के सबूत जरूरी नहीं: बिलासपुर हाई कोर्ट ने मंजूर की पति की तलाक की अपील
बिलासपुर / बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाई कोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक अहम फैसले में कहा है कि पति की स्पष्ट आपत्ति के बावजूद पत्नी का दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना मानसिक क्रूरता के दायरे में आता है। कोर्ट ने साफ किया कि ऐसे मामलों में हर बार शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना अनिवार्य नहीं है।
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने इस महत्वपूर्ण टिप्पणी के साथ फैमिली कोर्ट के पुराने आदेश को पलट दिया और पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली। बेंच ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में रहने वाले एक दंपती से जुड़ा है। दोनों का विवाह वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था और उनके एक बेटा व दो बेटियां हैं।
पति ने याचिका में आरोप लगाया था कि पत्नी के एक अन्य पुरुष से संबंध हैं। मना करने और आपत्ति जताने के बावजूद पत्नी उससे लगातार संपर्क में रही, जिससे दांपत्य जीवन और परिवार का माहौल प्रभावित हुआ। इसी आधार पर पति ने तलाक की अर्जी दाखिल की थी, लेकिन 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य न होने का हवाला देते हुए अर्जी खारिज कर दी थी।
हाई कोर्ट में कैसे पलटा फैसला?
फैमिली कोर्ट के फैसले के खिलाफ पति ने हाई कोर्ट में अपील दायर की। अपील पर सुनवाई करते हुए डिवीजन बेंच ने गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि निचली अदालत ने मामले के कई अहम तथ्यों पर समुचित विचार नहीं किया।
हाई कोर्ट ने पति के साथ-साथ बच्चों—बेटे और बेटी—की गवाही को भी बेहद महत्वपूर्ण माना। बच्चों ने अपने बयान में घर में परिजनों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति के आने और महिला से मिलने की बात कही थी।
हाई कोर्ट की प्रमुख टिप्पणियां
मानसिक क्रूरता की परिभाषा: पति के विरोध के बावजूद पर पुरुष से लगातार बातचीत, मुलाकात और संपर्क बनाए रखना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के समान है।
प्रत्यक्ष साक्ष्य की अनिवार्यता नहीं: मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का सीधा सबूत होना जरूरी नहीं है।
व्यवहार के अन्य पहलू अहम: लगातार फोन पर लंबी बातचीत करना, पति की अनुपस्थिति में घर बुलाना और साथ बाहर जाने जैसी परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।





