खाकी में खलबली: जांजगीर-चांपा में महिला आरक्षक से टॉयलेट-झाड़ू की सफाई! RI पर प्रताड़ना के आरोप, ASP ने दिए जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान
***********************************
खाकी में खलबली: जांजगीर-चांपा में महिला आरक्षक से टॉयलेट-झाड़ू की सफाई! RI पर प्रताड़ना के आरोप, ASP ने दिए जांच के आदेश
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस महकमे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पदस्थ एक महिला आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला आरक्षक वर्दी पहने हुए पुलिस लाइन कार्यालय परिसर की सफाई और रक्षित निरीक्षक (RI) प्रदीप जोशी के कार्यालय सहित टॉयलेट को साफ करती नजर आ रही है।


फेसबुक पर वीडियो बनाकर लगाई गुहार, RI पर लगाए गंभीर आरोप
महिला आरक्षक ने खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो अपलोड किया है, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में महिला सिपाही ने RI प्रदीप जोशी पर मानसिक प्रताड़ना और मनमानी का सीधा आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह बीते दो दिनों से अपनी आमद (ज्वाइनिंग) देने के लिए RI के चक्कर काट रही है। आरोप है कि RI द्वारा उससे टॉयलेट और प्रांगण की साफ-सफाई जैसे काम तो कराए गए, लेकिन इसके बावजूद उसकी ज्वाइनिंग दर्ज नहीं की गई।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई: एडिशनल एसपी
वीडियो के सोशल मीडिया पर छाने और मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्षित निरीक्षक (RI) प्रदीप जोशी और पीड़िता महिला आरक्षक—दोनों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
ASP ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद से पुलिस लाइन के कर्मचारियों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है, वहीं अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन क्या रुख अपनाता है।





