दुर्ग में सिगरेट मांगने पर विवाद: सिरफिरे युवकों ने महिला मित्र के सामने युवक को चाकू से गोदा, मौत; दो आरोपी हिरासत में
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान
*********************************
दुर्ग में सिगरेट मांगने पर विवाद: सिरफिरे युवकों ने महिला मित्र के सामने युवक को चाकू से गोदा, मौत; दो आरोपी हिरासत में
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। परीक्षा देने दुर्ग आए एक 26 वर्षीय युवक की सिगरेट मांगने के मामूली विवाद में चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कवर्धा निवासी चित्रेश सहारे के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
दोस्त के PG पहुंचा था युवक, महिला मित्र से बदतमीजी पर बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, चित्रेश अपनी महिला मित्र के साथ अपने दोस्त रवि के पीजी (PG) रूम में आया हुआ था। इसी दौरान पीजी में ही रहने वाले दो युवकों—वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव—से सिगरेट मांगने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते यह मामूली बहस गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चित्रेश की महिला मित्र के साथ कथित तौर पर बदतमीजी भी की। जब चित्रेश ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने आपा खो दिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
जांघ और पैर पर चाकू से हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार चाकू निकालकर चित्रेश के पैर और जांघ पर कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण चित्रेश की हालत बिगड़ने लगी। आसपास के लोग और पीजी में मौजूद साथी उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद दुर्ग जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—वैभव मानकर और राजकुमार यादव (मूल निवासी राजनांदगांव)—को हिरासत में ले लिया है।
मामले पर ASP शोभराज अग्रवाल का बयान:
“हरिनगर स्थित पीजी में सिगरेट के लेन-देन और महिला मित्र के साथ हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या की गई है। दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। महिला मित्र से दुर्व्यवहार समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”





