रायपुर में चरित्र शंका में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की चाकू गोदकर की हत्या, फिर खुद का भी रेता गला
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
रायपुर में चरित्र शंका में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की चाकू गोदकर की हत्या, फिर खुद का भी रेता गला
रायपुर: राजधानी के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरतराई में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां चरित्र शंका के चलते एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की धारदार चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी। तीनों की जान लेने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
साहू पारा में किराए के मकान में रहता था परिवार
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला आरोपी भुनेश्वर साहू (34) डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। शनिवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भुनेश्वर ने आपा खो दिया और घर में रखे धारदार चाकू से पत्नी और बच्चों पर हमला बोल दिया।
पत्नी और दो मासूमों की मौके पर मौत
आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से जानलेवा वार किए। इसके बाद उसने अपने दो मासूम बेटों—आशीष साहू (10 वर्ष) और ज्ञान साहू (8 वर्ष) को भी नहीं बख्शा और उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद के गले और शरीर पर चाकू से वार कर अपनी जान लेने की कोशिश की।
सुबह पड़ोसियों को मिली जानकारी, मेकाहारा में भर्ती
रविवार सुबह जब पड़ोसियों को वारदात का पता चला, तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत माना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कमरे में तीनों के लथपथ शव पड़े थे और आरोपी भुनेश्वर गंभीर हालत में तड़प रहा था। पुलिस ने तुरंत घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है और क्राइम सीन को सील कर दिया गया है। शुरुआती जांच में हत्याकांड की वजह पत्नी के चरित्र पर शक होना सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के होश में आने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी। फिलहाल माना थाना पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।





