बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित गेहूं लदे ट्रक ने खड़ी पिकअप को मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर घायल रायपुर रेफर
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************************
बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित गेहूं लदे ट्रक ने खड़ी पिकअप को मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर घायल रायपुर रेफर
बालोद (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदलपुर नेशनल हाईवे पर स्थित मरकाटोला घाट के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जहां गेहूं से भरे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

गणेश विसर्जन के बाद लौट रहे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप (सीजी-04) में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम का सेटअप बंधा हुआ था। वाहन में करीब 15 से 20 युवक सवार थे, जो कवर्धा जिले के रहने वाले थे। शुक्रवार सुबह रायपुर में गणेश उत्सव का विसर्जन कार्यक्रम संपन्न करने के बाद सभी जगदलपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में मरकाटोला घाट के पास पिकअप में तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था।
बारिश से बचने पिकअप में बैठे थे, तभी आया काल
हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए ज्यादातर युवक पिकअप के अंदर ही बैठे हुए थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा गेहूं से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सीधी टक्कर मारते हुए पिकअप पर ही पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। कुछ युवक जोरदार झटके से सड़क से दूर जा गिरे, जबकि कई युवक ट्रक और उसमें लदे गेहूं की बोरियों के नीचे दब गए।
ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुरूर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला गया। हादसे में 6 युवकों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल 7 युवकों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने हादसे में 6 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
फिसलन और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह!
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर काफी फिसलन थी, जिससे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और यह बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के कारण मरकाटोला घाट पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





