रायपुर में सनसनी: बॉयफ्रेंड ने बीच सड़क गर्लफ्रेंड को पेट्रोल छिड़ककर फूंका, इलाज के दौरान मौत; आरोपी की तलाश तेज
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************************
रायपुर में सनसनी: बॉयफ्रेंड ने बीच सड़क गर्लफ्रेंड को पेट्रोल छिड़ककर फूंका, इलाज के दौरान मौत; आरोपी की तलाश तेज
रायपुर: राजधानी के माना थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक सिरफिरे प्रेमी ने बीच सड़क पर अपनी गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों से घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। करीब 60 फीसदी झुलस चुकी पीड़िता ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है। मृतका की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है।
सिलसिलेवार समझें पूरी वारदात:
दर्दनाक हमला: रविवार रात आरंग निवासी आरोपी वीरू धीवर ने राजकुमारी साहू पर अचानक पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम: गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी को तुरंत मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए सोमवार को उसकी मौत हो गई।
पहले भी हुआ था जानलेवा हमला: एएसपी अभिषेक झा के अनुसार, वीरू धीवर और राजकुमारी का अफेयर 2021 से पहले से था। 2021 में आरंग थाने में आरोपी वीरू के खिलाफ राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला करने के मामले में धारा 307 (हत्या का प्रयास) का केस दर्ज हुआ था। इस विवाद के बाद से राजकुमारी अपने ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी, हालांकि वीरू से उसका संपर्क बना हुआ था।
घटना के दिन भी थे साथ: पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वारदात वाले दिन भी दोनों एक साथ ही मौजूद थे। हालांकि, आरोपी ने इस खौफनाक कदम को क्यों अंजाम दिया, इसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
घटना के बाद पुलिस आरोपी वीरू धीवर की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी के भागने की दिशा और वारदात के वक्त मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। माना थाना पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





