पंडित का चोला पहनकर गांजा तस्करी: सिंघोड़ा पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ में बेनकाब हुआ कटनी का तस्कर, 5.10 लाख का सामान जब्त

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*************************************

 

 

पंडित का चोला पहनकर गांजा तस्करी: सिंघोड़ा पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ में बेनकाब हुआ कटनी का तस्कर, 5.10 लाख का सामान जब्त

महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत सिंघोड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पंडित का रूप धरकर ट्रॉली बैग में गांजा ले जा रहे एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

बस का इंतजार कर रहा था आरोपी

8 सितंबर को सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पंडित का वेश बनाकर ट्रॉली बैग लिए बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रवण कुमार तिवारी (40 वर्ष), निवासी करौंदी, थाना बरही, जिला कटनी (मध्य प्रदेश) बताया।

ओडिशा से लाकर मध्य प्रदेश में खुद बेचने की थी योजना

पुलिस द्वारा ट्रॉली बैग के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा। सख्त पूछताछ के बाद उसने स्वीकार किया कि वह ओडिशा के डोंगरीपाली (जिला बलांगीर) से गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश के कटनी में खुद बेचने जा रहा था।

जब्ती एवं पुलिस कार्रवाई

तस्कर के कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की गईं:

अवैध गांजा: 10.190 किलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹5,09,000)

कीपैड मोबाइल: 01 नग (कीमत ₹1,000)

कुल जब्त संपत्ति: ₹5,10,000

आरोपी का यह कृत्य एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत अपराध पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना सिंघोड़ा में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।