कबीरधाम नामदेव समाज कल्याण समिति का बड़ा फैसला: झूठे आरोपों और अनुशासनहीनता के मामले में चंद्रा व बसंत नामदेव पदमुक्त,जिलाध्यक्ष अभिताभ नामदेव पर लगाए थे अनर्गल आरोप,
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
कबीरधाम नामदेव समाज कल्याण समिति का बड़ा फैसला: झूठे आरोपों और अनुशासनहीनता के मामले में चंद्रा व बसंत नामदेव पदमुक्त,जिलाध्यक्ष अभिताभ नामदेव पर लगाए थे अनर्गल आरोप,
कवर्धा :कबीरधाम नामदेव समाज कल्याण समिति ने संस्था की गरिमा, अनुशासन और सामाजिक एकता बनाए रखने के उद्देश्य से एक बड़ा व सख्त निर्णय लिया है। जिलाध्यक्ष अभिताभ नामदेव एवं अन्य पदाधिकारियों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अनर्गल आरोप लगाने, झूठा प्रचार करने और समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करने के मामले में कार्यकारी अध्यक्ष/जिला उपाध्यक्ष चंद्रा नामदेव और मीडिया प्रभारी बसंत नामदेव को समिति के पदों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

साक्ष्य प्रस्तुत करने में विफल रहे दोनों भाई
समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों भाइयों द्वारा जिलाध्यक्ष अभिताभ नामदेव पर लगाए गए आरोपों के संबंध में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए 6 अगस्त 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस पर बसंत नामदेव ने नोटिस को सिरे से नकार दिया, जबकि चंद्रा नामदेव ने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को अंतिम अवसर देते हुए पूरक नोटिस भेजा गया, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी समिति को कोई लिखित जवाब या स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ।

विकास कार्यों में बाधा और अनुशासनहीनता का आरोप
प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दोनों को पदमुक्त करने का निर्णय लिया गया। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दोनों भाई पिछले कुछ समय से समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे:
भूमि पूजन में व्यवधान: 26 जुलाई 2026 को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम में विवाद खड़ा कर समाज के भवन निर्माण कार्य को रुकवाने का प्रयास किया गया, जिससे कल्याण समिति को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
संस्था को अस्थिर करने की साजिश: समाज की ही एक अन्य समिति के साथ मिलकर नामदेव समाज कल्याण समिति को अंदरूनी तौर पर अस्थिर करने की कोशिश की गई।
महिला पदाधिकारी से विवाद: बैठकों में अनुशासनहीनता बरतने के साथ-साथ एक महिला पदाधिकारी से भी विवाद की स्थिति निर्मित की गई।
5 सितंबर 2026 से पदमुक्त, पत्राचार पर पूरी तरह रोक
कबीरधाम नामदेव समाज कल्याण समिति के जिला सचिव हेमंत नामदेव और कैलाश नामदेव ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सर्वसाधारण को सूचित किया है कि 5 सितंबर 2026 से चंद्रा नामदेव और बसंत नामदेव समिति के किसी भी पद पर अधिकृत नहीं हैं। अब वे संस्था के नाम से कोई भी आधिकारिक पत्राचार, प्रतिनिधित्व या कार्य नहीं कर सकेंगे।
समिति ने समाज के सभी बंधुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और सामाजिक एकता, अनुशासन तथा संस्था की गरिमा को बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें।





