छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: मुंबई की महिला बाइकर रिद्धि ठक्कर की मरकाटोला घाटी में मौत, बस्तर राइड के दौरान ट्रेलर ने मारी टक्कर
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*********************************
छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: मुंबई की महिला बाइकर रिद्धि ठक्कर की मरकाटोला घाटी में मौत, बस्तर राइड के दौरान ट्रेलर ने मारी टक्कर
बालोद / धमतरी:छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला राइडर रिद्धि ठक्कर की दर्दनाक मौत हो गई। 23 बाइकर्स के दल के साथ बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती को एक्सप्लोर करने निकलीं रिद्धि पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर स्थित मरकाटोला घाटी के पास अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
बस्तर यात्रा के दौरान घटी घटना
जानकारी के अनुसार, कांदिवली (मुंबई वेस्ट) की रहने वाली रिद्धि ठक्कर अपनी बाइक (MH 12 SP 0835) से रायपुर पहुंची थीं। 12 अगस्त की सुबह रायपुर से 23 राइडर्स का एक समूह कांकेर और बस्तर की ओर रवाना हुआ था। इस दल में शामिल 3 लोग कार में सवार थे, जबकि बाकी राइडर्स अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों पर एक साथ आगे बढ़ रहे थे।
धमतरी पार करने के बाद समूह के लगभग 17 राइडर्स आगे निकल गए, जबकि रिद्धि समेत 3 राइडर्स थोड़ा पीछे रह गए। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गईं।
प्राथमिक उपचार के बाद धमतरी अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद साथी बाइकर्स और स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए डायल-112 की मदद से घायल रिद्धि को चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान रिद्धि ने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महापौर अस्पताल पहुंचे, मुंबई से परिजनों का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही धमतरी के महापौर रामू रोहरा जिला अस्पताल पहुंचे और साथी बाइकर्स से पूरी घटना का ब्योरा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम करा दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जो मुंबई से रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट ले जाकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
पुरूर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले आरोपी ट्रेलर चालक तथा वाहन की धरपकड़ के लिए सघन जांच अभियान चला रही है।





