बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर नई पहल: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शुरू की पहली 24×7 बाइक रेंटल सेवा, अब ऑटो का इंतजार खत्म
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर नई पहल: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शुरू की पहली 24×7 बाइक रेंटल सेवा, अब ऑटो का इंतजार खत्म
बिलासपुर:बिलासपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने रेल यात्रियों को एक और बड़ी सौगात दी है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की पहली बाइक रेंटल सेवा की औपचारिक शुरुआत की गई है। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब यात्रियों को शहर में अपने जरूरी कामकाज निपटाने के लिए ऑटो या टैक्सी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और न ही ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।

स्टेशन परिसर स्थित ‘कोच रेस्टोरेंट’ के पास उपलब्ध इस सुविधा का शुभारंभ बुधवार को प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी सेवा, जानें किराया और नियम
यह बाइक रेंटल सेवा सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। कम दूरी की यात्रा करने वाले पर्यटकों, छात्रों, व्यावसायिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए यह बेहद उपयोगी साबित होगी।
किराया दरें (जीएसटी सहित):
4 घंटे तक: ₹100
4 से 8 घंटे तक: ₹200
8 से 16 घंटे तक: ₹300
16 से 24 घंटे तक: ₹400
आवश्यक दस्तावेज: सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र (आधार कार्ड) होना अनिवार्य है।
सुरक्षा राशि (Security Deposit): वाहन के मॉडल के अनुसार ₹1,000 की सुरक्षा राशि अग्रिम जमा करनी होगी, जो बाद में रिफंडेबल होगी।
ईंधन नियम: बाइक में इतना ईंधन (पेट्रोल) उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे यात्री आसानी से नजदीकी पेट्रोल पंप तक पहुंच सकें।
स्टेशन पर ही मिलेगी फोटोकॉपी और स्टेशनरी की सुविधा
बाइक रेंटल के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में ही फोटोकॉपी और स्टेशनरी काउंटर की भी शुरुआत की गई है। अक्सर यात्रियों को यात्रा के दौरान जरूरी कागजात की फोटोकॉपी, पेन या पेपर की अचानक जरूरत पड़ जाती है। अब यात्रियों को इन छोटे-छोटे कामों के लिए स्टेशन से बाहर भटकना नहीं पड़ेगा, जिससे उनके समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी।





