महज 900 के लेनदेन विवाद में मजदूर की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर कुएं में फेंकी लाश; 7 नाबालिग गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
महज 900 के लेनदेन विवाद में मजदूर की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर कुएं में फेंकी लाश; 7 नाबालिग गिरफ्तार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महज 900 रुपए के पुराने विवाद को लेकर एक 26 वर्षीय मजदूर की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक का सिर कुचलने के बाद उसकी पहचान छिपाने की नीयत से शव को एक बंद पड़े राइस मिल के कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर सात नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बंद राइस मिल के कुएं में मिला शव
घटना का खुलासा गुरुवार, 18 जून को हुआ जब मोहन नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक बंद राइस मिल परिसर के कुएं में अज्ञात शव होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। करीब 30 फीट गहरे कुएं से शव को बाहर निकाला गया। मृतक के सिर पर गंभीर घाव और शरीर पर चोटों के निशान देखकर पुलिस ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई थी।

मजदूरी कर परिवार पालता था यशवंत
पुलिस जांच और शिनाख्त में मृतक की पहचान शक्ति नगर निवासी यशवंत सारथी उर्फ टिंगू (26 वर्ष) के रूप में हुई। यशवंत पेशे से मजदूर था और मजदूरी करके ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
महज 900 रुपए के लिए रची गई खूनी साजिश
पुलिस की तफ्तीश में हत्या की वजह बेहद चौंकाने वाली निकली। यशवंत और कुछ स्थानीय नाबालिग लड़कों के बीच महज 900 रुपए के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के परिजनों के मुताबिक, यशवंत ने करीब एक साल पहले उधार ली गई रकम लौटा दी थी।
इसके बावजूद आरोपी लड़के लगातार उससे और पैसों की मांग कर रहे थे और भुगतान की तारीख को लेकर विवाद खड़ा करते थे।इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने यशवंत को बातचीत के बहाने बुलाया। उसे अपने साथ सुनसान जगह पर ले गए और सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए उन्होंने शव को राइस मिल के कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने सभी सात नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





