कबीरधाम में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत, चालक फरार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कबीरधाम में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत, चालक फरार
कबीरधाम। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बानो बैरियल के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक सड़क पर गिर गया और हाइवा का भारी पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान ग्राम जमुनिया निवासी अर्जुन बैगा के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर लोहारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि हादसे को अंजाम देने के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ फरार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इधर, घटना के बाद से मृतक अर्जुन बैगा के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।





