धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 444 किलो गांजा जब्त, फोम की परतों में छिपाकर ओडिशा से गुजरात ले जा रहे थे अंतर्राज्यीय तस्कर
धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 444 किलो गांजा जब्त, फोम की परतों में छिपाकर ओडिशा से गुजरात ले जा रहे थे अंतर्राज्यीय तस्कर
धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर कुल 444 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है।
इस कार्रवाई में अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से गांजे की खेप लाकर धमतरी के रास्ते गुजरात ले जा रहे थे।
पहली बड़ी कार्रवाई: फोम के नीचे छिपा था 400 किलो गांजा
नशीले पदार्थों की तस्करी की खुफिया सूचना पर अर्जुनी थाना पुलिस और श्यामतराई वनोपज जांच नाके पर तैनात जवानों ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। इस दौरान जगदलपुर की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार और एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। शातिर तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन में फोम की परतें बिछाई हुई थीं। जब पुलिस ने फोम को हटाया, तो उसके नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपा मिला। तौल करने पर पुलिस ने वहां से 400 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त किया।
दूसरी कार्रवाई: मेचका पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी लग्जरी कार
इसी तरह की दूसरी बड़ी कामयाबी मेचका पुलिस को मिली। पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के भवानीपटना से धमतरी के रास्ते गुजरात की ओर एक लाल रंग की हुंडई कार जा रही है, जिसमें नशीला पदार्थ है। मेचका पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 44 किलो गांजा बरामद हुआ।
गुजरात के औद्योगिक शहरों में खपाने की थी तैयारी
पुलिस की गिरफ्त में आए अंतर्राज्यीय तस्करों ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से कम दामों में गांजा खरीदकर ला रहे थे।
इसे गुजरात के विभिन्न औद्योगिक शहरों में ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और इस रैकेट के मुख्य सरगनाओं की तलाश शुरू कर दी है।





