क्रेटा कार के दरवाजों में गुप्त चेंबर बनाकर हो रही थी गांजे की तस्करी, दुर्ग पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दो को दबोचा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
क्रेटा कार के दरवाजों में गुप्त चेंबर बनाकर हो रही थी गांजे की तस्करी, दुर्ग पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दो को दबोचा
दुर्ग-भिलाई। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शातिर तरीके से क्रेटा कार के चारों दरवाजों के भीतर बनाए गए गुप्त चेंबरों से 14.5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने उड़ीसा और स्थानीय निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से गांजा, लग्जरी कार, नगदी और मोबाइल फोन समेत कुल 17.77 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास घेराबंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक क्रेटा कार में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर महासमुंद और रायपुर के रास्ते दुर्ग-भिलाई लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कुम्हारी और एसीसीयू (क्राइम टीम) की संयुक्त टीम ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे सघन वाहन चेकिंग पॉइंट लगाया।फाइबर शीट के पीछे छिपाया था 14.5 किलो गांजाचेकिंग के दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार (क्रमांक- सीजी 04 एच एक्स- 6908) को रोककर जब जांच की गई, तो पुलिस को गाड़ी से गांजे की गंध आई। इसके बाद टीम ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली। जांच में पता चला कि तस्करों ने कार के चारों दरवाजों के अंदर विशेष गुप्त चेंबर बनवाए थे। इन चेंबरों में गांजा भरकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी ताकि सामान्य चेकिंग में किसी को शक न हो। पुलिस ने फाइबर की परत को हटाकर चेंबरों से 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

उड़ीसा के कंधमाल से ला रहे थे खेप
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम तीरथा ठेला (36 वर्ष, निवासी नुआपाड़ा, उड़ीसा) और किशन जगत (35 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक कुम्हारी, दुर्ग) बताया है। आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह गांजा उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से खरीदकर दुर्ग-भिलाई में खपाने के लिए ला रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इसी हाईटेक तरीके से गांजे की तस्करी कर चुके हैं।17.77 लाख का माल जब्त,
एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं:
अवैध गांजा: 14.5 किलोग्राम
वाहन: हुंडई क्रेटा कार
नगदी: 22,000 रुपयेअन्य सामान: तस्करों के मोबाइल फोन
जब्त किए गए कुल माल की कीमत करीब 17 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय सफेदपोशों और सप्लायरों की तलाश के लिए पुलिस आगे की कड़ाई से जांच कर रही है।





