दुर्ग कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों की बैठक: पीएम आवास योजना के अधूरे कार्यों को मई तक पूरा करने के कड़े निर्देश
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों की बैठक: पीएम आवास योजना के अधूरे कार्यों को मई तक पूरा करने के कड़े निर्देश
दुर्ग, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के सभी नगर निगम आयुक्तों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और नगर पंचायत अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत लंबित और अप्रारंभ कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधूरे कार्यों को हर हाल में मई माह तक पूरा किया जाए।

लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों पर होगी कार्रवाई
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हितग्राहियों से निरंतर संपर्क बनाए रखें और उन्हें निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिन हितग्राहियों की निर्माण कार्य में रुचि नहीं है, उन्हें पहले समझाइश दी जाए। यदि इसके बाद भी वे कार्य शुरू नहीं करते, तो उनकी आवास स्वीकृति निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
अंशदान जमा करने वालों को प्राथमिकता
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों ने अपने हिस्से की पूरी अंशदान राशि जमा कर दी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवासों का पजेशन (कब्जा) दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों को समय पर छत मुहैया कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गुणवत्ता और मॉनिटरिंग पर जोर
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और ठेकेदारों को कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित फील्ड विजिट और मॉनिटरिंग करने को कहा गया है ताकि लक्ष्य समय पर हासिल हो सके।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस समीक्षा बैठक में नगर निगम भिलाई के आयुक्त श्री राजीव पाण्डेय, दुर्ग आयुक्त श्री सुमित अग्रवाल, भिलाई-चरोदा आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा सहित जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे।





