दुर्ग में सनसनी: फोन न उठाने पर उपजा विवाद, बीएड छात्र ने प्रेमिका की गला घोंटकर की हत्या

 दुर्ग में सनसनी: फोन न उठाने पर उपजा विवाद, बीएड छात्र ने प्रेमिका की गला घोंटकर की हत्या

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

 

दुर्ग में सनसनी: फोन न उठाने पर उपजा विवाद, बीएड छात्र ने प्रेमिका की गला घोंटकर की हत्या

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक बीएड छात्रा की उसके ही सहपाठी ने बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली विवाद से शुरू हुई बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने आवेश में आकर अपनी ही प्रेमिका का गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

सहपाठी ही निकला कातिल

मृतिका की पहचान यूनेश्वरी वर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी। वह दुर्ग के बीएम कॉलेज में बीएड की छात्रा थी और पिछले दो वर्षों से शहर में किराए के मकान में रह कर पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), जो बालोद जिले का निवासी है, भी उसी कॉलेज में यूनेश्वरी का सहपाठी था।

विवाद की वजह: फोन न उठाना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार्तिक और यूनेश्वरी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों के बीच ‘फोन न उठाने’ को लेकर फोन पर कहासुनी हुई थी। विवाद सुलझाने के बहाने आरोपी कार्तिक, यूनेश्वरी को सुभाष नगर स्थित अपने किराए के कमरे पर लेकर आया।

हत्या के बाद खुद ही बुलाया एम्बुलेंस

कमरे में बातचीत के दौरान विवाद और बढ़ गया। गुस्से में आपा खोकर कार्तिक ने यूनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी को लगा कि यूनेश्वरी केवल बेहोश हुई है। घबराकर उसने खुद ही 108 एम्बुलेंस को फोन किया। जब मेडिकल टीम मौके पर पहुँची, तो जाँच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी कार्तिक राम साहू को हिरासत में ले लिया। आरोपी पूरे समय कमरे में ही मौजूद था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। शहर में इस घटना के बाद से सनसनी फैली हुई है।