कोरबा-अंबिकापुर हाईवे ,गुरसिया-जड़गा मोड़ बना ‘डेथ पॉइंट’: तीन ट्रेलर और कार की जोरदार भिड़ंत, रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कोरबा-अंबिकापुर हाईवे ,गुरसिया-जड़गा मोड़ बना ‘डेथ पॉइंट’: तीन ट्रेलर और कार की जोरदार भिड़ंत, रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर
कोरबा। कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर शनिवार की अलसुबह रफ़्तार और लापरवाही ने एक बार फिर बड़ा तांडव मचाया। ग्राम गुरसिया-जड़गा मोड़ के पास सुबह करीब 6 बजे तीन ट्रेलर और एक कार के बीच हुई सिलसिलेवार भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई, वहीं एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया।


ऐसे हुआ हादसा:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब अंबिकापुर की ओर से आ रहे दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। रफ्तार तेज होने के कारण एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक तीसरा ट्रेलर भी खुद को संभाल नहीं सका और अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान:
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने साहस का परिचय देते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल रवाना किया। बताया जा रहा है कि चार घायलों में से दो की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
खूनी मोड़ बना मुसीबत:
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गुरसिया-जड़गा मोड़ अब ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा है। यहां भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण आए दिन हादसे होते हैं। प्रशासन से बार-बार गति सीमा संकेतक और नियमित पुलिस गश्त की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
यातायात बहाल, जांच जारी:
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग बहाल कर दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





