चालान के डर से शातिर बना ड्राइवर; रायपुर पुलिस के मालखाने से ही चुरा लिया अपना ट्रक, 6 घंटे में गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
चालान के डर से शातिर बना ड्राइवर; रायपुर पुलिस के मालखाने से ही चुरा लिया अपना ट्रक, 6 घंटे में गिरफ्तार
रायपुर:राजधानी रायपुर में चोरी का एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहाँ एक ट्रक ड्राइवर ने चालान की मोटी रकम भरने से बचने के लिए पुलिस अभिरक्षा में खड़े अपने ही ट्रक को चोरी कर लिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे ड्राइवर की यह चालाकी धरी की धरी रह गई और महज 6 घंटे के भीतर उसे ट्रक समेत दबोच लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बीती 31 मार्च को नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने पर यातायात पुलिस ने एक ट्रक को जब्त कर भनपुरी यातायात थाना परिसर में खड़ा कराया था। ट्रक पर भारी-भरकम चालान किया गया था, जिसे जमा न करने के कारण वाहन पुलिस की निगरानी में ही खड़ा था।
2 अप्रैल को हुई चोरी
बीते 2 अप्रैल को अचानक सूचना मिली कि थाना परिसर में खड़ा वह ट्रक गायब है। पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो ट्रक को राजनांदगांव की दिशा में जाते देखा गया।
6 घंटे का फिल्मी पीछा और गिरफ्तारी
रायपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने तुरंत ट्रक का पीछा शुरू किया। तकनीकी इनपुट और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और डोंगरगांव क्षेत्र में ट्रक को रोक लिया। ट्रक के भीतर वही चालक मौजूद था, जिसने पुलिस की आंखों में धूल झोंककर वाहन पार किया था।
ड्राइवर का कबूलनामा
पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने बताया कि वह चालान की राशि जमा नहीं करना चाहता था, इसलिए उसने खुद ही अपना ट्रक चुराने की योजना बनाई। पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।





