भिलाई सड़क हादसा: सेक्टर 4 चौक के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी बाइक, अस्पताल में भर्ती दो युवकों की हालत नाजुक
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
भिलाई सड़क हादसा: सेक्टर 4 चौक के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी बाइक, अस्पताल में भर्ती दो युवकों की हालत नाजुक
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत टाउनशिप में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेक्टर 4 चौक के पास एक तेज रफ्तार केटीएम (KTM) बाइक अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में से एक सेक्टर 3 निवासी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान का बेटा है, जो 10वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। सुबह दोनों दोस्त अपनी बाइक पर टाउनशिप की ओर घूमने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण मोड़ के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना भिलाई भट्टी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुँचकर दोनों घायलों को सेक्टर 9 अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों युवकों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत विवेचना कर रही है।





