बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में अलर्ट, पोल्ट्री फार्मों और दुकानों पर कड़ी निगरानी

 बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में अलर्ट, पोल्ट्री फार्मों और दुकानों पर कड़ी निगरानी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में अलर्ट, पोल्ट्री फार्मों और दुकानों पर कड़ी निगरानी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद पड़ोसी जिले रायगढ़ में भी प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बीते पांच दिनों में करीब 5,000 मुर्गियों की मौत के बाद भोपाल भेजी गई रिपोर्ट में बर्ड फ्लू (Bird Flu) की पुष्टि हुई है। चूंकि बिलासपुर से रायगढ़ में चूजों की नियमित सप्लाई होती है, इसलिए रायगढ़ प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया है।

प्रशासन ने फील्ड स्टाफ को उतारा मैदान में

पशु चिकित्सा विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए फील्ड स्टाफ को मैदानी स्तर पर तैनात किया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मुर्गी दुकानों और निजी पोल्ट्री फार्मों का सघन निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी फार्म या दुकान में मुर्गियों की असामान्य मौत होती है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए।

पिछले साल के कड़वे अनुभव से सीख

रायगढ़ जिला पिछले साल भी इस संक्रमण की चपेट में आ चुका है। फरवरी 2025 में जिले के सरकारी पोल्ट्री फार्म में सैकड़ों मुर्गियों की अचानक मौत के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी, जिसके चलते भारी संख्या में पक्षियों को नष्ट करना पड़ा था। उसी अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।

फिलहाल स्थिति सामान्य, लेकिन सतर्कता जरूरी

सरकारी पोल्ट्री फार्म के प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने बताया कि वर्तमान में रायगढ़ जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं से भी संक्रमण की खबर नहीं है। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से निगरानी दल लगातार सक्रिय हैं और दुकानदारों सहित पोल्ट्री संचालकों को भी संदिग्ध स्थितियों पर नजर रखने को कहा गया है।