अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अब घर जैसी नींद: SECR की नई पहल, मात्र ₹30 से ₹70 में मिलेगा बेड रोल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अब घर जैसी नींद: SECR की नई पहल, मात्र ₹30 से ₹70 में मिलेगा बेड रोल
रायपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल ने गैर-वातानुकूलित (Non-AC) स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12853/12854) में भुगतान आधारित बेड रोल सेवा की शुरुआत की गई है। यह सुविधा 10 जुलाई से पूरी तरह लागू हो चुकी है, जिससे अब स्लीपर क्लास के यात्रियों को भारी-भरकम कंबल और चादर साथ ले जाने के झंझट से मुक्ति मिल गई है।
📌 जेब पर नहीं पड़ेगा बोझ,
तय की गई हैं तीन कैटेगरी
रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत और बजट को ध्यान में रखते हुए तीन तरह के बेड रोल पैकेट का विकल्प दिया है:कम्पलीट बेड रोल पैकेट (₹70): इसमें यात्रियों को दो साफ-सुथरी बेडशीट, एक तकिया और एक तकिया कवर मिलेगा।सिर्फ बेडशीट पैकेट (₹40): जो यात्री केवल चादर चाहते हैं, उन्हें ₹40 में दो बेडशीट उपलब्ध कराई जाएंगी।तकिया और कवर पैकेट (₹30): सिर्फ सिरहाने के आराम के लिए ₹30 में एक तकिया और उसका कवर मिल जाएगा।
👨श्रम और तकनीक का समन्वय:
कोच में ही मिलेगी रसीद
इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए ट्रेन में विशेष ‘बेड रोल अटेंडेंट’ तैनात किए गए हैं। यात्रियों को कहीं जाने की जरूरत नहीं है, अटेंडेंट खुद स्लीपर कोच में आकर मांग के अनुसार बेड रोल सौंपेंगे। खास बात यह है कि शुल्क लेने के बाद यात्रियों को मौके पर ही इसकी आधिकारिक रसीद भी दी जा रही है। इस सेवा के प्रबंधन के लिए अमरकंटक एक्सप्रेस के एस-3 (S-3) कोच की सीट संख्या 79 और 80 को अटेंडेंट के लिए आरक्षित किया गया है।
📈 यात्रियों का मिला शानदार रिस्पॉन्स,
अन्य ट्रेनों में भी लागू करने की तैयारी
शुरुआत होते ही इस योजना को यात्रियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में हर दिन औसतन 10 से 15 बेड रोल पैकेट और 30 से 35 तकियों की मांग आ रही है। यात्रियों के इस सकारात्मक फीडबैक को देखते हुए रायपुर रेल मंडल अब इस बेहतरीन सुविधा को भविष्य में अन्य प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोचों में भी विस्तार देने की योजना बना रहा है।





