रायपुर फ्लाईओवर पर बेकाबू कार का कहर: महिला ड्राइवर ने राहगीरों और बाइक सवारों को रौंदा, मची अफरा-तफरी

 रायपुर फ्लाईओवर पर बेकाबू कार का कहर: महिला ड्राइवर ने राहगीरों और बाइक सवारों को रौंदा, मची अफरा-तफरी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

रायपुर फ्लाईओवर पर बेकाबू कार का कहर: महिला ड्राइवर ने राहगीरों और बाइक सवारों को रौंदा, मची अफरा-तफरी

 

 

 

रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र (आमानाका ओवरब्रिज) पर आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने फ्लाईओवर पर जमकर तबाही मचाई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने वहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार को एक महिला चला रही थी, जो हादसे के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गई।

फ्लाईओवर पर मची चीख-पुकार, बिखरीं गाड़ियां

टक्कर इतनी जोरदार थी कि फ्लाईओवर पर चल रहे लोग दूर जा गिरे। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सड़क पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें और गाड़ियां बिखर गईं। घटना को देखते ही आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस की टीम मौके पर, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू कराया। प्रारंभिक तौर पर दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। फिलहाल घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसा किस वजह से हुआ, इसका अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है। कार की रफ्तार अचानक कैसे बेकाबू हुई, इसकी जांच के लिए पुलिस फ्लाईओवर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV) की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि आरोपी महिला ड्राइवर और कार की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।