छत्तीसगढ़: गणेश विसर्जन जुलूस में साइड मांगने पर बवाल; ट्रेनी DSP से मारपीट, कार में तोड़फोड़, 6 संदिग्ध हिरासत में
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**************************************
छत्तीसगढ़: गणेश विसर्जन जुलूस में साइड मांगने पर बवाल; ट्रेनी DSP से मारपीट, कार में तोड़फोड़, 6 संदिग्ध हिरासत में
अंबिकापुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाने निकले एक पुलिस अधिकारी पर ही दबंगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। दरिमा थाना प्रभारी और ट्रेनी DSP निशांत कुर्रे के साथ कुछ युवकों ने जमकर मारपीट की और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ कर शीशे फोड़ दिए। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के कंठी और जगदीशपुर के बीच की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
साइड मांगने और रास्ता खुलवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेनी DSP निशांत कुर्रे गुरुवार रात करीब 10 बजे ग्रामीण इलाकों का भ्रमण कर दरिमा से वापस अंबिकापुर लौट रहे थे। अंबिकापुर मार्ग पर तेज DJ के साथ गणेश विसर्जन की झांकी और जुलूस निकाला जा रहा था, जिसके चलते सड़क पर भारी जाम लगा हुआ था।
जब DSP ने जुलूस में शामिल लोगों को वाहन निकालने के लिए रास्ता देने और अव्यवस्था को देखते हुए जुलूस को व्यवस्थित करने की समझाइश दी, तो वहां मौजूद कुछ युवक उलझ गए और बहस करने लगे।

12 युवकों ने किया हमला, कार के शीशे फोड़े
देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। विसर्जन में शामिल लगभग 12 युवकों की भीड़ ने ट्रेनी DSP पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। उपद्रवियों ने उनकी निजी कार को भी निशाना बनाते हुए उसमें जमकर तोड़फोड़ की और वाहन के शीशे चकनाचूर कर दिए। इस हमले में DSP कुर्रे को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने की घेराबंदी, 6 संदिग्ध पुलिस हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर अभियान चलाया और वारदात में शामिल 6 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
SDOP राकेश बघेल का बयान:
“दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे बीती रात गश्त पर थे। DJ और जुलूस के कारण मार्ग अवरुद्ध देखकर उन्होंने युवकों को रास्ता देने और जुलूस को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने की समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने उन पर हमला कर दिया। मामला दर्ज कर लिया गया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।”
पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।





