अफेयर के शक में खूनी खेल: किराएदार व्यापारी ने मालिक का गला घोंटा, रायपुर में सनसनी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
अफेयर के शक में खूनी खेल: किराएदार व्यापारी ने मालिक का गला घोंटा, रायपुर में सनसनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम गनोद में पत्नी से अवैध संबंध के शक में एक किराएदार ने अपने मकान मालिक की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑटो पार्ट्स दुकान चलाने के दौरान पनपा शक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान पुरुषोत्तम धीवर (25) के रूप में की गई है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव का निवासी है। आरोपी पुरुषोत्तम, गनोद गांव में वेद राम साहू के मकान में किराए पर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। दुकानदारी के दौरान पुरुषोत्तम को यह शक हुआ कि उसकी पत्नी और मकान मालिक वेद राम साहू के बीच अवैध संबंध हैं।
विवाद ने लिया खूनी रूप
इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद, तीखी बहस और गाली-गलौज हो चुकी थी। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके पुरुषोत्तम ने वेद राम साहू का गला दबा दिया। दम घुटने से वेद राम की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी पुलिस हिरासत में, जांच जारी
शोर-शराबा और घटना की भनक लगते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और तुरंत राखी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से विवेचना की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के समय वहां कोई और व्यक्ति मौजूद था या नहीं। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





