दुर्ग-धमधा रोड हत्याकांड: 48 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा, लूट का विरोध करने पर उपसरपंच की हुई थी हत्या, मुख्य आरोपी और 3 नाबालिग गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
दुर्ग-धमधा रोड हत्याकांड: 48 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा, लूट का विरोध करने पर उपसरपंच की हुई थी हत्या, मुख्य आरोपी और 3 नाबालिग गिरफ्तार
दुर्ग। दुर्ग से धमधा जाने वाले मार्ग पर 2 अगस्त की देर रात हुए उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। जनता में बढ़ते आक्रोश और पुलिसिंग पर उठते सवालों के बीच दुर्ग पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बदमाशों ने महज 4,000 रुपये और मोबाइल लूटने के इरादे से इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था।लूट का विरोध करने पर उतारा मौत के घाटघटना 2 अगस्त की देर रात लगभग 2 बजे की है। प्रार्थी चोवाराम लोधी अपने दो साथियों, भूषण पटेल और उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के पास काले रंग की डिस्कवर बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोका और अकारण ही विवाद करने लगे।बदमाशों ने पीड़ितों से नगदी और मोबाइल लूटने का प्रयास किया।
जब उपसरपंच प्रकाश सिंह ने इस लूट का कड़ा विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों, लोहे के पाइप और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
100 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज
हत्याकांड के बाद उपजे जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि आरोपियों तक पहुँचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। वैज्ञानिक विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपियों के गिरेबान तक पहुँचने में सफल रही।
मुख्य आरोपी ‘लाल’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, हथियार बरामद
पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।सीएसपी हर्षित मेहर के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई डिस्कवर मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, लोहे का पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी राशि समेत मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या, लूट और डकैती की धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।





