दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी में इस्तेमाल 13 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार, ₹10 लाख का संदिग्ध ट्रांजेक्शन उजागर
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी में इस्तेमाल 13 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार, ₹10 लाख का संदिग्ध ट्रांजेक्शन उजागर
भिलाई/दुर्ग। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 13 ‘म्यूल’ (Mule) बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। थाना सुपेला, थाना खुर्सीपार और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) दुर्ग की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है। जांच में करीब 10 लाख रुपये के संदिग्ध साइबर ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है।
कमीशन के लालच में सौंपते थे दस्तावेज
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुपेला और खुर्सीपार थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के मामले दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी महज ₹2,000 से ₹15,000 तक के कमीशन के लालच में आकर अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड साइबर अपराधियों या उनके एजेंटों को सौंप देते थे। इन खातों का उपयोग ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और वास्तविक अपराधियों की पहचान छिपाने के लिए किया जाता था।
संदिग्ध लेनदेन और बरामदगी
विवेचना के दौरान बंधन बैंक और इंडियन बैंक के खातों में भारी संदिग्ध लेनदेन पाया गया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
डी. श्रीनिवास राव (32) – सेक्टर-02, भिलाई
मनीष सिंह मट्टू (36) – सेक्टर-02, भिलाई
जितेन्द्र साहू (37) – करहीडीह, दुर्ग
यश यादव (20) – गिरधारी नगर, दुर्ग
मयंक पटेल (25) – शंकर नगर, दुर्ग
रोशन सारथी (24) – बजरंग नगर, दुर्ग
तुषार कसरे (22) – शंकर नगर, दुर्ग
प्रवीण कुमार (21) – समोदा
प्रवीण कुशवाहा (25) – वार्ड क्रमांक-10 शंकर नगर, दुर्ग
अजय बंसोड़ (44) – बीड़ी कालोनी, उरला
संगीत साहू (28) – हरना बांधा, दुर्ग
उभय यादव (20) – नेहरू भवन के पीछे, सुपेला
डीलेश मरकाम – सिकोला बस्ती, दुर्ग
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





