सारंगढ़: ओडिशा से यूपी जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 2 कारों के साथ 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 सारंगढ़: ओडिशा से यूपी जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 2 कारों के साथ 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

सारंगढ़: ओडिशा से यूपी जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 2 कारों के साथ 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की सरिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस घेराबंदी में पुलिस ने 6 शातिर तस्करों को दबोचा है, जो ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजे की सप्लाई करने जा रहे थे। आरोपियों के पास से 50 किलो 890 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें जब्त की गई हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी

पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर गांजे की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सरिया थाने के सामने मुख्य मार्ग पर मजबूत नाकाबंदी कर दी। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की गई।

पायलट कार से कर रहे थे पेट्रोलिंग, ऐसे हुआ खुलासा

 

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। तस्करों ने एक सफेद रंग की हुंडई कार में गांजे की खेप छिपा रखी थी। इस गाड़ी को पुलिस चेकिंग से बचाने के लिए इसके आगे-पीछे एक लाल रंग की आई-10 कार चल रही थी। लाल कार में सवार चार लोग रास्ते की पेट्रोलिंग (रेकी) कर रहे थे, ताकि आगे पुलिस दिखने पर मुख्य गाड़ी को अलर्ट कर सकें। हालांकि, पुलिस की मुस्तैद घेराबंदी के आगे उनकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई और पुलिस ने दोनों वाहनों को रोक लिया।

5 लाख का गांजा और 6 मोबाइल बरामद

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 25 पैकेटों में भरा हुआ कुल 50 किलो 890 ग्राम गांजा मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद गांजे की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त दोनों कारें और आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। ओडिशा से फतेहपुर (UP) जा रही थी खेप पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कुबूल किया है कि वे यह गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से लेकर आ रहे थे। इसे उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाना था।