राजनांदगांव में खौफनाक वारदात: मोबाइल पर ज्यादा बात करने के शक में पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, तवे और चाकू से किए कई वार; डोंगरगढ़ से गिरफ्तार

 राजनांदगांव में खौफनाक वारदात: मोबाइल पर ज्यादा बात करने के शक में पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, तवे और चाकू से किए कई वार; डोंगरगढ़ से गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*********************************

 

 

राजनांदगांव में खौफनाक वारदात: मोबाइल पर ज्यादा बात करने के शक में पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, तवे और चाकू से किए कई वार; डोंगरगढ़ से गिरफ्तार

राजनांदगांव: जिले के चिखली थाना क्षेत्र के शांतिनगर में पत्नी पर शक करने के चक्कर में एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी पति ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंटा और फिर घर में रखे लोहे के तवे व चाकू से उसके चेहरे, गले और सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन से फरार हो गया था, जिसे पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर डोंगरगढ़ से धर दबोचा।

कपड़े देने के बहाने घर पहुंचा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मृतका का अपने पति लक्की ठाकुर उर्फ विक्की के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह अपने मायके (शांतिनगर, चिखली) में रह रही थी। मृतका के भाई निखिल शेंडे ने 7 नवंबर की रात इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, आरोपी लक्की ठाकुर अपनी पत्नी को कपड़े देने के बहाने उसके मायके पहुंचा था। उस वक्त घर में महिला अकेली थी। पुरानी रंजिश और शक की आग में सुलग रहे आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर रसोई में रखे लोहे के तवे व चाकू से उसके चेहरे, गले और सीने पर अनगिनत वार कर उसकी जान ले ली।

प्रेम विवाह के बाद से करने लगा था शक

पुलिस पूछताछ में आरोपी लक्की ठाकुर (निवासी: बुधवारी पारा, डोंगरगढ़) ने सनसनीखेज खुलासे किए। उसने बताया कि करीब एक साल पहले डोंगरगढ़ के बड़े मंदिर में उसकी मुलाकात महिला से हुई थी, जिसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह (लव मैरिज) कर लिया था। शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी को शक होने लगा था कि उसकी पत्नी मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से ज्यादा बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा और विवाद होता रहता था।

कुछ ही घंटों में डोंगरगढ़ से दबोचा गया कातिल

वारदात के बाद आरोपी के ट्रेन से भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी की कड़ी निगरानी में पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस (टेक्निकल हेल्प) और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी लक्की ठाकुर को डोंगरगढ़ से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

चिखली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का गंभीर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और लोहे का तवा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।