क्राइम पर खाकी का कड़ा प्रहार: दुर्ग जिले में सुबह 4 बजे 185 जवानों ने बोला धावा, बदमाशों के ठिकाने छाने; अवैध हथियार और शराब जब्त

छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान

***********************************

 

 

क्राइम पर खाकी का कड़ा प्रहार: दुर्ग जिले में सुबह 4 बजे 185 जवानों ने बोला धावा, बदमाशों के ठिकाने छाने; अवैध हथियार और शराब जब्त

दुर्ग। जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के एक बड़ा सरप्राइज चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया। तड़के 4 बजे से सुबह 8 बजे तक चले इस 4 घंटे के विशेष ऑपरेशन में दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुभाग के कुल 185 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक साथ दर्जनों संदिग्ध ठिकानों, गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और वारंटियों के घरों पर दबिश दी।

अचानक हुई इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर ना सिर्फ असामाजिक तत्वों की तस्दीक की, बल्कि कई ठिकानों से धारदार हथियार और अवैध शराब भी बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की।

अभियान की 5 बड़ी बातें:

185 जवानों का बड़ा अमला तैनात: अभियान में दुर्ग अनुभाग के 67, भिलाई नगर अनुभाग के 63 और छावनी अनुभाग के 55 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

सघन चेकिंग और दस्तावेज सत्यापन: बाहरी क्षेत्रों से आकर रहने वाले संदिग्ध और अनधिकृत लोगों के पहचान पत्रों (आईडी डॉक्यूमेंट्स) की बारीकी से जांच की गई।

हथियार और अवैध शराब बरामद: खुर्सीपार के देवार बस्ती व अटल आवास सहित कई संवेदनशील इलाकों में तलाशी के दौरान धारदार हथियार और अवैध शराब जब्त की गई।

बिना नंबर की KTM बाइक जब्त: मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिली है, जिसकी पुलिस गहन जांच कर रही है। (पुलिस के अनुसार, फिलहाल राहुल गाडा को इस वाहन के मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है, स्वामित्व की पुष्टि की जा रही है)।

प्रमुख संवेदनशील इलाकों में दबिश: दुर्ग अनुभाग के उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर, ग्रीन चौक और भिलाई नगर के फरीद नगर, डेरा बस्ती व सुपेला जैसे इलाकों में पुलिस ने सघन तलाशी ली।

दुर्ग पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।