कबीरधाम में 12.50 लाख की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश: गणेश पंडाल की भीड़ का फायदा उठाकर पड़ोसी ने मारा डाका, पिता-पुत्र गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

************************************

 

कबीरधाम में 12.50 लाख की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश: गणेश पंडाल की भीड़ का फायदा उठाकर पड़ोसी ने मारा डाका, पिता-पुत्र गिरफ्तार

कबीरधाम। गणेशोत्सव की भक्ति और चहल-पहल के बीच हुई 12.50 लाख रुपये की बड़ी चोरी का कबीरधाम पुलिस ने महज दो हफ़्तों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। ग्राम मझगांव में पड़ोसी के घर ही सेंधमारी करने वाले आरोपी और चोरी की रकम छिपाने में उसका साथ देने वाले उसके पिता को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद करने में सफलता हासिल की है।

गणेश पंडाल में व्यस्त था परिवार, छत के रास्ते दाखिल हुआ शातिर पड़ोसी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 15 सितंबर 2026 की शाम की है। ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू के घर में जब परिवार के सदस्य गणेश पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त थे, तभी पड़ोसी युवक कमलेश पटेल (19) की नीयत डोल गई। आरोपी पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल साहू के घर में दाखिल हुआ और कमरे में रखी आलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे 12.50 लाख रुपये पार कर दिए।

पिता ने भी दिया जुर्म में साथ, रकम छिपाने की रची साजिश

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन आरोपी कमलेश ने पूरे वाकये की जानकारी अपने पिता भागवत पटेल (50) को दी। बेटे को सुधारने या पुलिस को सूचना देने के बजाय पिता ने भी अपराध में भागीदारी निभाई और चोरी की बड़ी रकम को अलग-अलग जगहों पर छिपाने का काम किया।

साइबर सेल और मैदानी टीम की मुस्तैदी से चढ़े हत्थे

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/2026, धारा 305(ए) एवं 331(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों (साइबर विश्लेषण) और मैदानी पतासाजी के जरिए संदेह की सुई पड़ोसी कमलेश पटेल पर जाकर टिकी। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए ₹11,53,000 नकद बरामद कर लिए। कबीरधाम पुलिस ने 29 सितंबर 2026 को पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।