बेमेतरा कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्राम रवेली के किसान, 12 किमी दूर जाने की मजबूरी खत्म करने की उठाई मांग
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान की रिपोर्ट
********************************
बेमेतरा कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्राम रवेली के किसान, 12 किमी दूर जाने की मजबूरी खत्म करने की उठाई मांग
3 किमी दूर नया उपार्जन केंद्र तिवरैया बना उम्मीद, धान खरीदी से पहले रवेली को नए केंद्र से जोड़ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बेमेतरा।
आगामी धान खरीदी सीजन की तैयारियों के बीच बेमेतरा जिले के ग्राम रवेली के किसानों ने अपनी एक बड़ी और पुरानी समस्या के समाधान के लिए हुंकार भरी है। किरीतपुर धान उपार्जन केंद्र की अत्यधिक दूरी और भारी-भरकम परिवहन खर्च से परेशान रवेली के दर्जनों किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों की स्पष्ट मांग है कि आगामी धान खरीदी शुरू होने से पहले ग्राम रवेली को नव-स्वीकृत तिवरैया धान उपार्जन केंद्र से जोड़ा जाए।
12 किमी की दूरी बनी आर्थिक बोझ
ग्राम रवेली के किसान पिछले कई सालों से अपनी उपज बेचने के लिए किरीतपुर धान उपार्जन केंद्र जा रहे हैं, जो उनके गांव से लगभग 12 किलोमीटर दूर है। इतनी अधिक दूरी तय करने में किसानों को धान से लदे वाहनों के परिवहन पर अत्यधिक किराया चुकाना पड़ता है। फसल बेचने की हड़बड़ी के बीच लंबी दूरी और भारी-भरकम परिवहन व्यय किसानों की जेब पर सीधा आर्थिक बोझ डाल रहा है।
तिवरैया केंद्र सिर्फ 3 किमी दूर, मिलेगी बड़ी राहत
किसानों का कहना है कि प्रशासन द्वारा ग्राम तिवरैया में नया धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत किया गया है, जो ग्राम रवेली से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। रवेली के सरपंच सुशील कुमार चतुर्वेदी और स्थानीय किसान राजकुमार साहू ने बताया कि यदि रवेली को तिवरैया केंद्र से संलग्न कर दिया जाता है, तो किसानों का समय और धन दोनों बचेगा। 3 किमी की दूरी से आवागमन सुगम होगा और धान परिवहन का अतिरिक्त किराया खत्म हो जाएगा।
खरीदी शुरू होने से पहले प्रक्रिया पूरी करने की मांग
कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि धान खरीदी पर्व शुरू होने में अब बहुत कम समय बचा है। ऐसे में समय रहते रवेली को तिवरैया उपार्जन केंद्र से जोड़ने की प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जाएं, ताकि इस बार किसानों को किरीतपुर न जाना पड़े और उन्हें लंबी दूरी व आर्थिक तंगी से स्थाई राहत मिल सके।





