रायपुर में आपसी रंजिश में युवक की चाकू गोदकर हत्या: पुलिस ने 24 घंटे में चार नाबालिगों को दबोचा, बिलासपुर और रायपुर से हिरासत में
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***********************************
रायपुर में आपसी रंजिश में युवक की चाकू गोदकर हत्या: पुलिस ने 24 घंटे में चार नाबालिगों को दबोचा, बिलासपुर और रायपुर से हिरासत में
रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत अश्वनी नगर में रविवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शहर में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी आपसी रंजिश बताई जा रही है।
एम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम
30 अगस्त की रात लगभग 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अश्वनी नगर में एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान युवक को तुरंत इलाज के लिए एम्स अस्पताल भिजवाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अहमद खान के रूप में हुई है।
भागने की फिराक में थे आरोपी, आरपीएफ की मदद से पकड़े गए
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी रायपुर से ट्रेन के जरिए बाहर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने तुरंत मामले के सुराग जुटाए और आरोपियों की लोकेशन का पता लगाकर आरपीएफ (RPF) से संपर्क साधा। रायपुर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बिलासपुर स्टेशन से तीन नाबालिगों को दबोचा, जबकि एक आरोपी को रायपुर से ही हिरासत में लिया गया।
बाल संप्रेक्षण गृह से छूटते ही की दूसरी वारदात
पुलिस की पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया एक नाबालिग आरोपी हाल ही में लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से छूटकर बाहर आया था। बाहर आते ही उसने फिर से अपराध की राह चुनी और इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया।
शहर में बढ़ती चाकूबाजी ने बढ़ाई चिंता
राजधानी रायपुर में लगातार हो रही चाकूबाजी और मामूली विवादों में धारदार हथियारों के इस्तेमाल की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और रंजिश के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस अब इन नाबालिगों के नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े संपर्कों को भी खंगाल रही है।





