बालोद: शादी के 45 दिन बाद घर से निकली नवविवाहिता, रेल हादसे में प्रेमी की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
बालोद: शादी के 45 दिन बाद घर से निकली नवविवाहिता, रेल हादसे में प्रेमी की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने परिचित युवक के साथ घर से निकल गई। घटना के कुछ समय बाद रेलवे पटरी के पास एक गंभीर हादसा हुआ, जिसमें युवक की जान चली गई और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना बालोद थाना क्षेत्र के परसोदा गांव के पास की है।
आधी रात को घर से हुई फरार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, परसोदा गांव निवासी महिला की शादी 45 दिन पहले ही हुई थी। 6 जून की रात को एक युवक बाइक लेकर महिला के ससुराल पहुंचा, जिसके बाद महिला बिना किसी को बताए उसके साथ चली गई। ससुराल वालों को इस बात की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी।
रेलवे ट्रैक के पास घटित हुई घटना
घर से निकलने के बाद दोनों करीब 20 किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद यह दुखद हादसा घटित हुआ। युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में महिला भी गंभीर रूप से चोटिल हो गई।
पुलिस को दी गई सूचना
हादसे के बाद घायल महिला ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी पहचान
जांच में सामने आया है कि मृतक की पहचान मिथलेश और घायल महिला की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि दोनों पिछले ढाई साल से एक-दूसरे को जानते थे और उनकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों ही पूर्व से शादीशुदा थे।
पति करता रहा तलाश
नवविवाहिता के पति ने पुलिस को बताया कि शनिवार तड़के जब उसकी नींद खुली, तो पत्नी घर पर नहीं थी। काफी समय तक तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल महिला का इलाज जारी है। पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटा रही है।





