दुर्ग: मां ने बेटे को भी बनाया नशे के कारोबार का साथी; नेवई पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, 1.4 किलो गांजा जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
दुर्ग: मां ने बेटे को भी बनाया नशे के कारोबार का साथी; नेवई पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, 1.4 किलो गांजा जब्त
भिलाई/दुर्ग: दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बजरंगपारा स्टेशन मरोदा इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर एक महिला और उसके नाबालिग बेटे को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को नेवई पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि बजरंगपारा स्टेशन मरोदा क्षेत्र में एक महिला अपने बेटे के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रही है और भारी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और गवाहों के साथ इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी।
भारी मात्रा में गांजा और नगदी बरामद
पुलिस ने मौके से फूलेश्वरी सोनवानी उर्फ जकड़ी (44 वर्ष) और उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.442 किलोग्राम गांजा और 800 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने मादक पदार्थ और बिक्री की रकम को जप्त कर लिया है।
आरोपी महिला जेल और नाबालिग संप्रेक्षण गृह भेजा गया
नेवई थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। आरोपी महिला फूलेश्वरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। वहीं, मामले में संलिप्त नाबालिग को विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए बाल संप्रेक्षण गृह, पुलगांव भेजा गया है।
लंबे समय से संचालित था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला अधिक पैसे कमाने के लालच में काफी समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थी। हैरान करने वाली बात यह है कि उसने इस दलदल में अपने नाबालिग बेटे को भी धकेल दिया था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन्हें गांजे की सप्लाई कहाँ से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।





