रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात का मामला: पुलिस ने NIT के पूर्व छात्र को किया गिरफ्तार

 रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात का मामला: पुलिस ने NIT के पूर्व छात्र को किया गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

**********************************

 

 

रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात का मामला: पुलिस ने NIT के पूर्व छात्र को किया गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के पूर्व छात्र हिमांशु जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले का रहने वाला है।

किराये के मकान में रहने के दौरान हुई थी पहचान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हिमांशु जाटव रायपुर स्थित NIT में पढ़ाई के दौरान डीडी नगर इलाके में किराये के मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से हुई। आरोप है कि इसी बीच उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।

गर्भवती होने की खबर मिलते ही दिल्ली से लौटा आरोपी

पढ़ाई पूरी करने के बाद आरोपी रायपुर छोड़कर दिल्ली चला गया था। कुछ समय बाद जब नाबालिग को अपने गर्भवती होने का पता चला, तो उसने फोन कर हिमांशु को इसकी जानकारी दी। यह बात सुनते ही आरोपी दिल्ली से वापस रायपुर पहुंचा और कथित तौर पर छात्रा का गर्भपात करा दिया।

परिजनों की शिकायत के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जब पीड़िता के परिजनों को लगी, तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल डीडी नगर थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी हिमांशु जाटव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग का गर्भपात किस स्थान पर कराया गया और इस अवैध कृत्य में अन्य किन लोगों की संलिप्तता है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू के साक्ष्य जुटा रही है।