महादेव सट्टा ऐप का ‘काला धन’ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में: रायपुर-बिलासपुर के होटल और क्लबों में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के 210 करोड़ रुपये के निवेश का खुलासा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
महादेव सट्टा ऐप का ‘काला धन’ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में: रायपुर-बिलासपुर के होटल और क्लबों में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के 210 करोड़ रुपये के निवेश का खुलासा
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले की जांच में बड़ा मोड़ आ गया है। जांच एजेंसियों का शिकंजा अब सट्टे की अवैध कमाई से खड़े किए गए वैध कारोबारों पर कसने लगा है। ताजा खुलासे के मुताबिक, मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने सट्टे के काले धन को रायपुर और बिलासपुर के बड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में निवेश किया है। एजेंसियां अब इन प्रतिष्ठानों के वित्तीय लेनदेन और साझेदारी दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
राजधानी के वीआईपी रोड और पंडरी के प्रतिष्ठानों पर नजर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सात बड़े होटलों के साथ-साथ नामी क्लब और रेस्टोरेंट में करीब 200 करोड़ रुपये लगाकर साझेदारी की गई है। इसके अलावा राजधानी के पंडरी इलाके में स्थित एक क्लब में भी सट्टे की रकम लगाए जाने की बात सामने आई है।
रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर के भी विभिन्न होटल और क्लब कारोबार में सौरभ चंद्राकर द्वारा करीब 10 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी मिली है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि यह पैसा सीधे तौर पर लगाया गया था या शेल कंपनियों और अन्य लोगों के नाम से इस कारोबार में खपाया गया।
संचालकों से हो सकती है पूछताछ
मामले की तह तक जाने के लिए जांच एजेंसियों ने संबंधित होटलों, क्लबों और रेस्टोरेंट के बैंक खातों को खंगालना शुरू कर दिया है। निवेश की रकम के स्रोत, साझेदारी के एग्रीमेंट और वित्तीय लेनदेन का मिलान किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही इन प्रतिष्ठानों के संचालकों को तलब कर वास्तविक हिस्सेदारी के संबंध में पूछताछ की जा सकती है।
92 हजार करोड़ से अधिक की अवैध कमाई का अनुमान
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नवंबर 2026 में अदालत को बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक और इससे जुड़ी अन्य सट्टा गतिविधियों से अर्जित अपराध की कुल कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। एजेंसी के आकलन के मुताबिक:
महादेव ऑनलाइन बुक: 75 से 80 हजार करोड़ रुपये।
स्काई एक्सचेंज: 11 से 12 हजार करोड़ रुपये।
दुबई की शाही शादी से खुली थी परतें, अब तक 3,800 करोड़ की संपत्ति कुर्क
यह पूरा नेटवर्क वर्ष 2023 में तब देशभर में सुर्खियों में आया, जब सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई करीब 200 करोड़ रुपये की भव्य शादी की तस्वीरें और जानकारी सामने आई। शादी में चार्टर्ड विमानों से मेहमानों को बुलाने और फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी ने एजेंसियों का ध्यान खींचा। इसके बाद हुई जांच में दुबई में बैठकर पैनल, ब्रांच और मोबाइल ऐप्स के जरिए सट्टे का अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट चलाने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ हवाला व फर्जी खातों के सबूत मिले।
ईडी इस मामले में लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। मार्च 2026 में सौरभ चंद्राकर और उसके करीबियों की दुबई स्थित करीब 1,700 करोड़ रुपये की संपत्तियों (जिनमें विला, अपार्टमेंट और बुर्ज खलीफा की प्रॉपर्टी शामिल है) को कुर्क करने का आदेश जारी हुआ था। जुलाई 2026 तक इस पूरे मामले में कुर्क, जब्त और फ्रीज की गई कुल संपत्तियों का आंकड़ा करीब 3,800 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।





